चतरा

एसीबी ने घूस लेते राजस्व कर्मचारी को किया गिरफ्तार

म्यूटेशन के एवज में दस हजार रुपये लेते सदर अंचल के कर्मचारी को रंगे हाथ दबोचा

चतरा, 15 सितंबर । सदर अंचल क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को दस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सदर अंचल स्थित कर्मचारी भवन से हुई।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई। एसीबी के अनुसार, लेम पंचायत हल्का सात में पदस्थापित सतीश प्रसाद एक व्यक्ति से जमीन का म्यूटेशन कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। संबंधित व्यक्ति ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने आरोप को सही पाया और राजस्व कर्मचारी को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश कुमार ने दस हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

अचानक हुई कार्रवाई से कर्मचारी भवन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *