सीबीएसई क्लस्टर-III एथलेटिक्स मीट में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
विकास विद्यालय की अद्वैता आरोही और ज्ञान भारती के आनंद राज ने जीते स्वर्ण पदक
रांची, 25 अगस्त। सीबीएसई क्लस्टर-III के तहत आयोजित चार दिवसीय एथलेटिक्स मीट के दूसरे दिन मंगलवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 140 से अधिक स्कूलों के खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। दूसरे दिन मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बना।
प्रतियोगिता के दौरान 3000 मीटर, 600 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 100 मीटर दौड़, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, हाई जंप, शॉट पुट और 4×100 मीटर रिले जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गयीं। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से मेहनत, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
बालिका वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में विकास विद्यालय, रांची की अद्वैता आरोही ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। ओपन माइंड बिरला स्कूल की अंशिका कुमारी दूसरे स्थान पर रहकर रजत और राधा कृष्ण इंटरनेशनल स्कूल की विद्या महतो ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
वहीं बालक वर्ग की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में ज्ञान भारती स्कूल के आनंद राज ने स्वर्ण पदक हासिल किया। विकास विद्यालय, रांची के ईशान थपलियाल को रजत तथा डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के अनमोल राज को कांस्य पदक मिला।
कार्यक्रम के अंत में विकास विद्यालय, रांची के प्राचार्य पी.एस. कालरा, सीबीएसई पर्यवेक्षक संतोष कुमार एवं तकनीकी अध्यक्ष अनवर हुसैन ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एस. कालरा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि दूसरा दिन उत्कृष्ट प्रदर्शनों से भरा रहा। खिलाड़ियों में भरपूर उत्साह और जोश देखने को मिला। उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रतियोगिता का तीसरा दिन भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन का गवाह बनेगा।
