218वें सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भजनों और जयकारों से गूंजा हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर
रांची। श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 218वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। इस दौरान राम सिया राम, सिया राम जय जय राम के सामूहिक गायन और बजरंगबली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर की गयी। मंदिर के आचार्य ने संजय लाल एवं पूनम देवी से ज्योति प्रज्वलित करायी। इसके बाद केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल का भोग बालाजी महाराज को अर्पित किया गया। संजय लाल ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन किया।
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की धुन पर गणेश वंदना की। इसके बाद श्री हनुमान चालीसा का पाठ और संगीतमय सुंदरकांड का सामूहिक पाठ कराया गया। बीच-बीच में प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए।
सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद पुनः हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में श्रवण ढांढनिया ने चना प्रसाद, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरीगोला तथा राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद सेवा निवेदित की।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, कृष्णा, अंकित सिंह, ऋषभ चौरसिया, हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
29 अगस्त को 214वां श्री श्याम भंडारा
श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 29 अगस्त, शनिवार को हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 214वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने धर्मप्रेमी बंधुओं से भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
