हजारीबाग

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में दिखी हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल

लुंदरू गांव में दोनों समुदायों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर किया स्वागत, बांटी मिठाइयां

हजारीबाग, 26 अगस्त। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को ईचाक प्रखंड की देवकुली पंचायत के लुंदरू गांव में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का जुलूस निकाला गया। इस दौरान गांव में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।

जुलूस के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने हिंदू भाइयों का माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इसके बाद दोनों समुदायों के लोग एक साथ जुलूस में शामिल होकर गांव में भ्रमण करते नजर आए।

जुलूस के दौरान लोगों ने अमन, शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पूरे आयोजन में आपसी सद्भाव और सहयोग का माहौल बना रहा।

मुस्लिम समाज के सदर मोहम्मद शाहिद ने कहा कि लुंदरू गांव में आपसी भाईचारे की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। पर्व-त्योहार के अवसर पर दोनों समुदाय के लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं और मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं।

जुलूस को सफल बनाने में सदर मोहम्मद शाहिद, मुकेश यादव, पूर्व मुखिया परमेश्वर रविदास, मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र कुमार दास, समाजसेवी कृष्णा कुमार यादव, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद आफताब, मोहम्मद जुबेर, मोहम्मद शुभान सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *