Home

जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग का आरोप, अभिभावकों ने की कार्रवाई की मांग

पूर्वी सिंहभूम, 17 जुलाई । पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुडिया में सीनियर छात्रों की ओर से जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद अभिभावकों ने शुक्रवार को उपायुक्त को शिकायत सौंपकर दोषी छात्रों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि गुरुवार देर रात कुछ सीनियर छात्र हॉस्टल में पहुंचे और कई जूनियर छात्रों को बाहर बुलाकर उनके साथ मारपीट की। उनसे जूते साफ करवाए गए, पैर दबवाए गए तथा अन्य अपमानजनक कार्य भी कराए गए। विरोध करने पर छात्रों की पिटाई की गई, जिससे कई छात्र घायल हो गए।

घायल छात्रों में विकाश राणा, पूर्णचंद्र गराई, गोविंद कुमार महतो, सूरज कुम्भकार और इंद्रदेव महतो शामिल हैं। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि एक छात्र के कान पर जोरदार हमला किया गया, जिससे उसके कान से खून निकलने लगा, जबकि दूसरे छात्र की नाक पर लात-घूंसों से चोट पहुंची। छात्रों का कहना है कि उन्हें लगातार धमकी दी जाती थी कि यदि उन्होंने घटना की जानकारी अभिभावकों या शिक्षकों को दी तो और अधिक प्रताड़ित किया जाएगा।

सूरज कुम्भकार के पिता पदमलोचन कुम्भकार, निवासी गोपालपुर, ने उपायुक्त को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र कक्षा नौवीं का छात्र है और रैगिंग व मानसिक प्रताड़ना के कारण इतना भयभीत हो गया है कि पढ़ाई छोड़कर घर लौट आया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से जूनियर छात्रों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रही हैं।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि मामले की जानकारी हाउस मास्टर को दी गई थी, लेकिन उन्होंने प्राचार्य से संपर्क करने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।

अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन से दोषी छात्रों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई, पीड़ित छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा परिसर में रैगिंग पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला परिषद अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *