महिला हॉकी विश्व कप 2026 : झारखंड की छह बेटियों पर देश को भरोसा, सलीमा टेटे को मिली भारतीय टीम की कप्तानी

रांची : झारखंड की हॉकी प्रतिभा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार है। हॉकी इंडिया द्वारा घोषित एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में झारखंड की छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तान नियुक्त किया गया है। यह न केवल सलीमा, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है।
विश्व कप के लिए चयनित झारखंड की खिलाड़ियों में कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, सुनेलिता टोप्पो, दीपिका सोरेंग, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें दुनिया के सबसे बड़े हॉकी मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
15 से 30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम बड़ी उम्मीदों के साथ उतरेगी। टीम फिलहाल बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र में कड़े प्रशिक्षण शिविर से गुजर रही है, जहां खिलाड़ी विश्व कप की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
नेशंस कप की विजेता टीम पर जताया भरोसा
हॉकी इंडिया ने हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में अपराजित रहते हुए खिताब जीतने वाली टीम के अधिकांश खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। झारखंड की खिलाड़ियों ने भी उस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें विश्व कप टीम में जगह मिली है।
पूल-डी में होगी भारत की चुनौती
विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन स्थित वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा। भारतीय टीम का लक्ष्य ग्रुप चरण में दमदार प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट में जगह बनाना होगा।
अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन मिश्रण
मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजन ने टीम की घोषणा के बाद कहा कि चयनित टीम अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत की है और पूरी टीम विश्व कप की चुनौती के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।
झारखंड की छह खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन राज्य की समृद्ध हॉकी परंपरा और लगातार उभर रही प्रतिभाओं का प्रमाण है। विशेष रूप से सलीमा टेटे को कप्तानी मिलना झारखंड के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राज्य के खेल प्रेमियों और हॉकी प्रशंसकों को उम्मीद है कि झारखंड की बेटियां विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करेंगी।
