Home

ग्लिट्ज एंड ग्लैम प्रदर्शनी का शुभारंभ, महिला उद्यमिता को मिलेगा नया मंच : दीपिका पांडेय सिंह

रांची : JCI Ranchi Udaan की ओर से आयोजित दो दिवसीय Glitz & Glam Exhibition का शुक्रवार को राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी महिला उद्यमिता, स्थानीय प्रतिभाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने उत्पादों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

उद्घाटन के बाद मंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों, नवाचारों एवं उद्यमिता के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यवसाय को नई पहचान भी दिलाते हैं।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि Glitz & Glam Exhibition शहर की प्रतिष्ठित और लंबे समय से आयोजित होने वाली प्रदर्शनी है, जिसका सफल आयोजन JCI Ranchi Udaan की महिलाएं करती रही हैं। प्रदर्शनी में ज्वेलरी, गारमेंट्स, हैंडलूम, होम डेकोर, लाइफस्टाइल एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला महिलाओं की रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शनी का इंतजार करते हैं, जिससे स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और व्यवसाय के विस्तार का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन तथा विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली उद्यमी के रूप में स्थापित करना है।

मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में अधिक से अधिक महिलाओं को अपने सपनों को साकार करने, नए उद्यम स्थापित करने और झारखंड की अर्थव्यवस्था एवं सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने JCI Ranchi Udaan की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी पहल आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर JCI Ranchi Udaan की प्रेसिडेंट जेएफएम डॉ. प्रिया लखोटिया, सेक्रेटरी पूजा बुधिया, फाउंडर प्रेसिडेंट जीएफएस राखी जैन सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *