रांची

ओरमांझी में आजसू पार्टी का कार्यकर्ता एवं मिलन समारोह सम्पन्न, सैकड़ों युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

रांची, 29 जून: ओरमांझी प्रखंड में रविवार को ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) की ओर से कार्यकर्ता एवं मिलन समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। यह कार्यक्रम ओरमांझी के पार्क पैलेस में आयोजित हुआ, जिसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने भाग लिया और आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर दो उप-मुखिया एवं कई ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेताओं ने भी पार्टी में शामिल होकर आजसू के प्रति अपना समर्थन जताया। आजसू में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से गगरी पंचायत के उप-मुखिया तीर्थ मोहन उरांव, चढ़ूं पंचायत के उप-मुखिया प्रीतम महतो, पूर्व मुखिया प्रत्याशी भीम मुंडा, राज साहू, विशाल मुंडा, शशि महतो, धर्मवीर मुंडा, विवेक नायक, राहुल बैठा और विवेक कुमार सहित कई अन्य युवा शामिल रहे।

अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि राज्य का भविष्य युवाओं के नेतृत्व से ही तय होगा, और आजसू पार्टी हमेशा से युवा शक्ति के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आजसू की भूमिका ऐतिहासिक रही है। झामुमो पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो ने आंदोलन को दिल्ली और पटना में बेच दिया, जबकि आजसू ने समझौताविहीन आंदोलन चलाकर झारखंड को अलग राज्य बनवाया।

उन्होंने वर्तमान हेमंत सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और दलाली चरम पर है। गरीबों की सुनवाई ना बीडीओ कर रहे हैं, ना थाना प्रभारी, और ना ही चुने हुए जनप्रतिनिधि। उन्होंने कहा कि अब ऐसी व्यवस्था को बदलने की जरूरत है, और इसके लिए आजसू पार्टी विकल्प बन सकती है।

सुदेश महतो ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने शहीदों की जन्मस्थली को आदर्श ग्राम बनाने की योजना शुरू की थी, जिसमें टिकैत उमराव और शेख भिखारी के गांव शामिल थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने उस योजना को अधर में लटका दिया है।

कार्यक्रम के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आजसू की विचारधारा और संकल्प को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आजसू ही शहीदों के सपनों का झारखंड बनाएगी और भ्रष्ट व्यवस्था का अंत करेगी।

समारोह को दीपक महतो, जिला परिषद सदस्य सरिता देवी, हकीम अंसारी, बैजनाथ महतो, रामधन बेदिया सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। इस आयोजन से पार्टी को क्षेत्र में नई ऊर्जा और विस्तार की दिशा में मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *