राँची जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में नई कमिटी का गठन, टेबल टेनिस को लेकर की गई भविष्य की योजनाओं पर चर्चा
राँची, 29 जून : राँची जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन (आरडीटीटीए) की वार्षिक आम सभा (AGM) का आयोजन रविवार को मोरहाबादी स्थित होटल पार्क प्राइम में किया गया। इस बैठक में सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी कमिटी का गठन किया गया। नवगठित कमिटी में श्री जय कुमार सिन्हा को चेयरमैन, श्री अमर बंसल को अध्यक्ष तथा श्री समरजीत सिंह को सचिव के पद पर चुना गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री जय कुमार सिन्हा ने राँची जिले में टेबल टेनिस के विस्तार और विकास को लेकर भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेल की जमीनी पहुंच को बढ़ाने और युवाओं को इसमें शामिल करने के उद्देश्य से इंटर स्कूल टेबल टेनिस टूर्नामेंट और एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इन आयोजनों से नई प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर मिलेगा और खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान किया जा सकेगा।
नवगठित अध्यक्ष श्री अमर बंसल ने कहा कि एसोसिएशन आने वाले समय में अपने सभी आयोजनों को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और व्यापक बनाने की दिशा में कार्य करेगा। उन्होंने टेबल टेनिस को जिला स्तर पर लोकप्रिय बनाने और खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
आरडीटीटीए की नवगठित कमिटी में शामिल पदाधिकारी इस प्रकार हैं:
- चेयरमैन – जय कुमार सिन्हा
- प्रेसिडेंट – अमर बंसल
- वर्किंग प्रेसिडेंट – डॉ. पवन चौधरी
- सेक्रेटरी – समरजीत सिंह
- वर्किंग सेक्रेटरी – सुदीप्तो मुखर्जी
- कोषाध्यक्ष (ट्रेसरर) – सोमीर चक्रवर्ती
- वाइस प्रेसिडेंट – सुमित खेमका, चोनहास कुजूर, नरेश शर्मा
- ज्वाइंट सेक्रेटरी – आलोक कुमार, अरुण कुमार डे, नेहा सिंह
- एग्जीक्यूटिव मेंबर – सोमनाथ चक्रवर्ती
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में ज्वाइंट सेक्रेटरी और एग्जीक्यूटिव मेंबर जैसे अन्य पदों पर और सदस्यों को जोड़ा जाएगा, ताकि एसोसिएशन के कार्य संचालन में विविधता और भागीदारी बढ़ सके।
यह वार्षिक आम सभा न केवल संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण रही, बल्कि टेबल टेनिस के क्षेत्र में राँची को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में भी एक सशक्त पहल के रूप में देखी जा रही है। नई कमिटी के गठन से खिलाड़ियों, कोचों और खेलप्रेमियों में उत्साह का वातावरण है।
