खेलरांची

भारत-अफ्रीका सीरीज के बाद झारखंड को मिली एक और सौगात : भारत-नेपाल दिव्यांग टी-20 सीरीज की मेजबानी करेगा रांची

रांची : दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया की ओर से रांची को एक और बड़ा अवसर मिला है। अब राजधानी रांची में भारत-नेपाल दिव्यांगजन टी-20 क्रिकेट सीरीज का आयोजन किया जाएगा। इस निर्णय से पूरे झारखंड डिसएबल्ड क्रिकेट संगठन में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, भारत और नेपाल के बीच तीन टी-20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आयोजन दिसंबर माह में रांची में किया जाएगा। यह सीरीज न केवल दोनों देशों के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगी, बल्कि समाज में समावेशी खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देगी।

गौरतलब है कि रांची पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट की सफल मेजबानी कर चुका है। इन आयोजनों ने झारखंड को दिव्यांग क्रिकेट का एक मजबूत केंद्र बना दिया है।

झारखंड डिसएबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक श्री प्रणव कुमार बाबू और श्री अंतू तिर्की, अध्यक्ष राहुल मेहता, सचिव सरिता सिन्हा सहित सभी पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने इस घोषणा पर अपार प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा —

“यह झारखंड के लिए गर्व की बात है कि हमें लगातार अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। यह राज्य के खिलाड़ियों की प्रतिभा और संगठन की विश्वसनीयता का प्रमाण है।”

संगठन ने कहा कि टूर्नामेंट को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही उम्मीद जताई कि, पूर्व की भांति इस बार भी स्थानीय प्रायोजकों और खेल प्रेमियों का भरपूर सहयोग मिलेगा।

इस आयोजन से न केवल झारखंड के दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा, बल्कि राज्य की खेल पहचान भी और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *