69वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड के सुधीर कुमार ने जीता स्वर्ण पदक
रांची : झारखंड के लिए गर्व का क्षण — 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड के अंडर-19 बालक वर्ग के खिलाड़ी सुधीर कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। यह झारखंड को सत्र 2025-26 का पहला स्वर्ण पदक है।
यह प्रतियोगिता इंदौर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भगवती नगर, जम्मू में 9 से 13 नवंबर 2025 तक आयोजित हुई। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अधीन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में राज्य की टीम ने इसमें भाग लिया।
सुधीर कुमार ने 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में सीबीएसई टीम, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र और फाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों को स्ट्रेट सेट (2-0) से पराजित किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने एक भी राउंड नहीं गंवाया, जो उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल भावना और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा —
“यह पूरे राज्य की जीत है। सुधीर ने जिस आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ स्वर्ण पदक जीता है, वह उनकी मेहनत और कोच के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उनकी सफलता झारखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
सुधीर कुमार की इस सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव संजय शर्मा, उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार सिंह, कोच अविनाश राम, टीम मैनेजर इम्तियाज़ हुसैन एवं एम. मोदस्सर सहित राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
यह सफलता झारखंड के स्कूली खेलों की निरंतर प्रगति और “खेलो झारखंड” पहल की मजबूती का प्रमाण है। सुधीर कुमार ने यह साबित किया है कि झारखंड की मिट्टी में प्रतिभा, परिश्रम और जज़्बा तीनों हैं — बस जरूरत है सही प्रशिक्षण और अवसर की। उनकी यह जीत आने वाले खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी।
