रांची

लालपुर के मून डिस्को बार विवाद में युवक की मौत, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

रांची। लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मून डिस्को बार के बाहर हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 4 जनवरी की देर रात करीब 12 बजे की है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुर चौक के समीप स्थित मून डिस्को बार में एक युवती के साथ दूसरे पक्ष के युवक द्वारा कथित तौर पर छेड़खानी और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस बात को लेकर युवती के साथ आए युवकों और दूसरे पक्ष के बीच पहले गाली-गलौज और फिर बार के बाहर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अंकित कुमार सिंह ने रौशन प्रसाद पर पत्थर से हमला किया, जबकि रौशन प्रसाद ने युवती को जबरन अपनी कार में बैठा लिया।

घटना के बाद रौशन प्रसाद ने जान मारने की नीयत से चार पहिया वाहन से अंकित कुमार सिंह को कुचल दिया। इस हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रिम्स, रांची ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में अंकित के दोस्तों ने शव को गढ़वा ले जाकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद गढ़वा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

गढ़वा थाना से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर लालपुर थाना में कांड संख्या 05/26 दर्ज किया गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी के दौरान पुलिस ने मुख्य अभियुक्त रमनदीप सिंह उर्फ रोमी (23 वर्ष), निवासी कुराईन पतरा, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू तथा रौशन प्रसाद (22 वर्ष), निवासी बड़गड़, थाना बड़गड़, जिला गढ़वा को रातू थाना क्षेत्र के रिंग रोड सुंडिल से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त डिजायर कार (पंजीयन संख्या JH01GD-2216) बरामद की गई है।

अनुसंधान के क्रम में रौशन प्रसाद की महिला साथी दिव्या भारती (19 वर्ष), वर्तमान निवासी सरस्वती गर्ल्स हॉस्टल, लालपुर, को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।

छापामारी दल में सीनियर सिटी डीएसपी के.वी. रमण, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *