रांची

जस्टिस महेश शरदचंद्र शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में लेंगे शपथ

रांची, 08 जनवरी । जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शुक्रवार अर्थात नौ जनवरी को सुबह साढ़े नौ बजे शपथ लेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें पद और गोपनियता की शपथ दिलाएंगे। मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनका कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा।

महेश शरदचंद्र साल 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए। उन्होंने लंबे समय तक बॉम्बे उच्च न्यायालय की पणजी पीठ में सिविल और संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक एवं कर कानून, कंपनी कानून सहित जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की। उन्होंने केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्टैंडिंग काउंसल और राज्य सरकार के विशेष काउंसल के रूप में भी कार्य किया। वे साल 2013 में बॉम्बे उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप नियुक्त हुए और दो मार्च, 2016 को स्थायी न्यायाधीश बने। दिसंबर 2025 में उन्हें झारखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई।

उनका जन्म 28 नवंबर, 1964 को गोवा में हुआ था। वह डॉन बॉस्को हाई स्कूल, पणजी में पढ़े। उन्होंने डेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी और एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ पणजी से एलएलबी की डिग्री हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *