धनबाद रेलवे स्टेशन से दो शराब तस्कर गिरफ्तार, 95 बोतल शराब जब्त
धनबाद। धनबाद रेल पुलिस ने ऑपरेशन सतर्क के तहत प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में की गई, जहां से विभिन्न ब्रांडों की कुल 95 बोतल शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कुल मात्रा 33.675 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 29,100 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान वशिष्ठ कुमार और जयराम कुमार यादव के रूप में हुई है। रेल पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी बिहार के गया जिले के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बराकर से शराब लेकर गया जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
रेल पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब आरोपियों द्वारा शराब छिपाने का तरीका सामने आया। दोनों तस्करों ने अपनी कमर के चारों ओर प्लास्टिक की मदद से दर्जनों शराब की बोतलें चिपकाकर छिपा रखी थीं, ताकि किसी को उन पर शक न हो और वे आसानी से स्टेशन से बाहर निकल सकें। हालांकि सतर्कता के दौरान रेल पुलिस की नजर उन पर पड़ी और तलाशी लेने पर पूरा मामला सामने आ गया।
रेल पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, यह भी कहा गया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अवैध शराब व अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत रेल पुलिस को सूचित करें।
