रक्षाबंधन पर हुसैनाबाद थाने में भाई-बहन के रिश्ते का अनोखा उत्सव
पलामू, 08 अगस्त : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना परिसर में गुरुवार को एक हृदयस्पर्शी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से आए नन्हें-मुन्ने बच्चों ने थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारियों को राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट रिश्ते की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में बच्चों ने पुलिसकर्मियों के साथ मिठाइयां और चॉकलेट बांटकर खुशियां साझा कीं। पुलिस पदाधिकारियों ने भी बच्चों को उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सुरक्षित व सहयोगी माहौल प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
पलामू पुलिस ने इसे समाज और पुलिस के बीच विश्वास व स्नेह को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि जनता और पुलिस के बीच आपसी सामंजस्य और प्रेम और अधिक गहरा हो।
