रांची

276वीं अन्नपूर्णा सेवा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

रांची। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के पावन सानिध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम मंदिर एवं श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में रविवार को 276वीं श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इस अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का भव्य श्रृंगार किया गया। विशेष रूप से श्री राधारानी को आकर्षक आभूषणों एवं पुष्पों से अलंकृत किया गया, जिसकी भव्यता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अर्पित हुआ महाप्रसाद

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, मैंगो शरबत और आलू चिप्स परोसे गए। मंदिर परिसर में मौजूद करीब दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।

भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने राधा-कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

भजन संध्या के बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु का गुणगान किया।

पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

ट्रस्ट के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से देर शाम तक पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अन्नपूर्णा सेवा के तहत वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा का उद्देश्य मानवता, परोपकार और सनातन संस्कृति के मूल्यों को सुदृढ़ करना है।

इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, शिवभगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *