रांची

झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन की AGM संपन्न, संविधान संशोधन के लिए 7 सदस्यीय समिति गठित; ‘लिटिल चैंप’ प्रतियोगिता होगी शुरू

रांची, 26 जुलाई। झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक और वार्षिक आम सभा (AGM) रविवार को धुर्वा स्थित ओल्ड विधानसभा सभागार में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय खेल शासन एवं विकास संहिता-2025 के अनुरूप एसोसिएशन के संविधान में संशोधन के लिए सात सदस्यीय समिति के गठन, वार्षिक खेल कैलेंडर की स्वीकृति, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी विभिन्न जिलों को सौंपने और 12 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए ‘लिटिल चैंप’ वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू करने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय ने की। इसमें संरक्षक शेखर बोस, सचिव उत्तम राज, कोषाध्यक्ष विकास वर्मा, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) डॉ. निशिकांत पाठक, एसोसिएट एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट विश्वनाथ सिंह, कार्यकारी सचिव संजय कुमार, संगठन सचिव संजय ठाकुर सहित सभी जिला वॉलीबॉल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संविधान संशोधन के लिए बनी समिति

बैठक में राष्ट्रीय खेल शासन एवं विकास संहिता-2025 के अनुरूप संविधान में आवश्यक संशोधन के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की गई। समिति में सुनील सहाय (अध्यक्ष), उत्तम राज, डॉ. निशिकांत पाठक, संजय कुमार, आशीष झा, सूरज प्रकाश लाल और संजय गुप्ता को शामिल किया गया। समिति संशोधन का प्रारूप तैयार कर कार्यकारिणी और आम सभा के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

वार्षिक खेल कैलेंडर को मिली मंजूरी

वर्ष 2026-27 के खेल कैलेंडर को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी जिलों को सौंपी गई है।

  • रांची – सीनियर राज्य वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला)
  • देवघर/बोकारो – यूथ राज्य चैंपियनशिप
  • गोड्डा – जूनियर राज्य चैंपियनशिप
  • लातेहार – सब-जूनियर राज्य चैंपियनशिप
  • दुमका – मिनी राज्य चैंपियनशिप
  • पलामू – राज्य बीच वॉलीबॉल चैंपियनशिप

‘लिटिल चैंप’ प्रतियोगिता की घोषणा

संरक्षक शेखर बोस ने 12 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए ‘लिटिल चैंप’ वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे आम सभा ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। प्रतियोगिता में बच्चों की उम्र के अनुरूप छोटे आकार के कोर्ट और कम ऊंचाई वाले नेट का उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य कम उम्र से ही खिलाड़ियों में वॉलीबॉल के प्रति रुचि विकसित करना और नई प्रतिभाओं को तैयार करना है।

आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिए उच्चस्तरीय समिति

राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया। समिति राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न जिलों में आवासीय (Residential) और डे-बोर्डिंग (Day Boarding) प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।

नए पदाधिकारियों का मनोनयन

आम सभा में भानु प्रसाद (अंतरराष्ट्रीय कोच) को वरीय उपाध्यक्ष (महिला) तथा पंकज तिवारी को उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने की घोषणा की गई, जिसका सदस्यों ने स्वागत किया।

उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान

कार्यक्रम के दौरान वॉलीबॉल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और जिला संघों को सम्मानित किया गया।

  • ‘शेखर बोस अवार्ड’ (सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक): आशीष कुमार आनंद (चक्रधरपुर) एवं प्रिया रंजन सिंह (हजारीबाग)
  • ‘एम. राजन पुरस्कार’ (सर्वश्रेष्ठ जिला संघ): धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ
  • ‘जोगा सिंह स्मृति पुरस्कार’ (सर्वश्रेष्ठ निर्णायक): राजीव कुमार मिश्रा
  • लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान: पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुब्रत सेन

बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक शेखर बोस ने कहा कि झारखंड वॉलीबॉल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए जिला संघों के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और जमीनी स्तर पर प्रतिभा खोज कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय ने कहा कि झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन खिलाड़ियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य में खेल के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *