लायंस क्लब परिसर में हुआ भव्य महारुद्राभिषेक, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा वातावरण
रांची, 5 अगस्त । लायंस क्लब ऑफ रांची की ओर से सोमवार देर रात क्लब परिसर में भव्य महारुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर 11 श्रद्धालु जोड़ियों ने वैदिक विधि से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर पुण्य अर्जित किया।
आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिपूर्वक संकल्प के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। श्रद्धालु युगलों ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र और पुष्पों से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर ‘ओम् नमः शिवाय‘ और ‘हर-हर महादेव‘ के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्ति और ऊर्जा से भर गया।
कार्यक्रम के चेयरपर्सन लायन निर्मल कुमार मानपुरिया ने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एवं आध्यात्मिक चेतना के विस्तार का माध्यम भी है।
लायंस क्लब के अध्यक्ष दिलीप बंका ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक-सामाजिक आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, जिससे समाज में सेवा, सद्भाव और संस्कृति का प्रसार होता रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक शिव आरती और स्तुति पाठ के साथ हुआ, जिसने माहौल को और भी पावन और भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर सिद्धार्थ मजूमदार, राजेश मोर, राजेश चौधरी, बीके गडयान, मनीष गाड़ोदिया, अजय सकुजा, अजय अग्रवाल, ओम प्रकाश अनुज सहाय, अनिल गोयल समेत लायंस क्लब के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।
यह जानकारी क्लब की ओर से मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की गई।
