Home

शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए रांची से नेमरा तक उमड़ा जनसैलाब


रांची, 05 अगस्त । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अंतिम यात्रा सोमवार को रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा पहुंची। अंतिम दर्शन के लिए रांची से नेमरा तक जनसैलाब उमड़ पड़ा, और पूरे रास्ते श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।

गुरुजी की अंतिम यात्रा रांची स्थित विधानसभा भवन से शुरू हुई। यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने सड़कों के किनारे खड़े होकर पुष्प अर्पित किए और “गुरुजी अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। रास्ते भर लोगों की आंखें नम रहीं और माहौल गमगीन बना रहा।

नेमरा पहुंचने से पूर्व शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन, छोटी बहू कल्पना सोरेन और पुत्र बसंत सोरेन गांव पहुंच चुके थे।

रामगढ़ के गोला में भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और गुरुजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिबू सोरेन के निधन से पूरा झारखंड शोक में डूबा है, और अंतिम यात्रा ने उनके प्रति जनमानस में गहरी श्रद्धा को दर्शाया।

गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वे तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *