69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी: तीसरे दिन रोमांच चरम पर, झारखंड की दोनों टीमें प्री-क्वार्टर फाइनल में
रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता (अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग) के तीसरे दिन लीग मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। लगातार हो रहे कड़े मुकाबलों के बीच कई राज्यों की टीमें प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने में सफल रहीं, जिससे प्रतियोगिता का उत्साह और बढ़ गया है।
तीसरे दिन के मैच मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम मोराबादी, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बरियातू, रेलवे स्टेशन एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम और खूंटी में खेले गए। प्रतियोगिता में देशभर से कुल 63 बालक व बालिका टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ी बेहतरीन खेल कौशल, रणनीति और अनुशासन का परिचय दे रहे हैं, वहीं कोच लगातार उनका मनोबल बढ़ाते नजर आए।
मेजबान झारखंड की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी जीत की लय बरकरार रखी। बालक वर्ग में झारखंड ने राजस्थान को 6–0 से हराया, जबकि बालिका वर्ग में झारखंड ने केवीएस को 8–0 से पराजित कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।
बालक वर्ग में उत्तराखंड ने जम्मू-कश्मीर को 3–2 से, मध्य प्रदेश ने पश्चिम बंगाल को 7–0 से, कर्नाटक ने छत्तीसगढ़ को 3–2 से और चंडीगढ़ ने सीआईएससीई को 8–0 से हराया। दिल्ली ने महाराष्ट्र को 5–1 से, आंध्र प्रदेश ने बिहार को 1–0 से और हरियाणा ने केवीएस को 5–2 से पराजित किया। मणिपुर ने त्रिपुरा को 11–0 से रौंदा, जबकि गुजरात ने आईपीएससी को 1–0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग में आंध्र प्रदेश ने उत्तराखंड को 3–0 से, ओडिशा ने दिल्ली को 9–0 से, केरल ने सीआईएससीई को 8–0 से और छत्तीसगढ़ ने पुडुचेरी को 6–0 से हराया। पंजाब ने आईपीएससी को 25–0 से पराजित किया, तमिलनाडु ने तेलंगाना को 11–0 से मात दी, जबकि मणिपुर ने सीबीएसई को 7–0 से हराया। बिहार ने उत्तराखंड को 2–0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया।
तीसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों का जोश, टीम वर्क और कोचों का मार्गदर्शन साफ नजर आया। झारखंड की बालक और बालिका टीमों ने दमदार प्रदर्शन के साथ यह साबित कर दिया कि वे खिताब की प्रबल दावेदार हैं।
