खेल

लातेहार में 30 जनवरी से झारखंड सब-जूनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप

लातेहार में झारखंड सब-जूनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में लातेहार जिला वॉलीबॉल संघ द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और झारखंड वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी भी लातेहार पहुंच चुके हैं।

चैंपियनशिप में राज्य के विभिन्न जिलों से टीमें भाग लेंगी। बालक वर्ग में 20 जबकि बालिका वर्ग में 14 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। मुकाबले दिन के साथ-साथ दूधिया रोशनी (फ्लडलाइट) में भी खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलेगा।

इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी दिनों में पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाली सब-जूनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में किया जाएगा।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 30 जनवरी को आयोजित होगा। उद्घाटन अवसर पर झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक श्री शेखर बोस, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव एवं परियोजना निदेशक (आईटीडीए) प्रवीण गागराई की उपस्थिति रहेगी।

आयोजकों के अनुसार यह चैंपियनशिप झारखंड की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करेगी और राज्य में वॉलीबॉल खेल के विकास को नई दिशा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *