पुण्यतिथि पर CM हेमंत ने बापू को दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका जीवन दर्शन पूरे विश्व के लिए प्रेरणा

Ranchi : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व, जीवन दर्शन, त्याग और संघर्ष आज भी पूरे देश और दुनिया के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के दिखाए रास्ते पर चलकर ही समृद्ध राज्य, विकसित देश और शांतिपूर्ण समाज की कल्पना को साकार किया जा सकता है।
सीएम हेमंत सोरेन शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आजादी की राह दिखाई और उनका विचार आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के दौरान बापू वाटिका परिसर में भजन मंडली द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन और रामधुन प्रस्तुत की गई। भजनों के बीच उपस्थित लोगों ने श्रद्धा भाव से राष्ट्रपिता को याद किया। पूरा वातावरण शांत और आत्मीय बना रहा।
मीडिया से बातचीत में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की सीख देता है। उनके आदर्श आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने भारत सरकार द्वारा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान दिए जाने को पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का योगदान राज्य निर्माण में अविस्मरणीय है और उनका नाम हमेशा स्मरण किया जाएगा।
इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडे सिंह और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
