Home

65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता : दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, कई टीमों ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी), रांची के तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान, बीआईटी मेसरा एवं जैप-1 मैदान में विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबलों के बाद विभिन्न वर्गों की कई टीमों ने अगले चरण (सेमीफाइनल) में अपना स्थान पक्का कर लिया।

अंडर-15 बालक वर्ग में उत्तरी छोटानागपुर और संथाल परगना का शानदार प्रदर्शन

अंडर-15 बालक वर्ग के पहले मुकाबले में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (हजारीबाग) ने पलामू प्रमंडल को 8-0 से करारी शिकस्त दी। दूसरे मैच में कोल्हान प्रमंडल ने दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल को 2-0 से हराया। वहीं तीसरे मुकाबले में संथाल परगना प्रमंडल ने दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल को 2-0 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश सुनिश्चित किया।

अंडर-17 बालिका वर्ग में बड़े अंतर से जीत

अंडर-17 बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (हजारीबाग) ने पलामू प्रमंडल को 14-0 के विशाल अंतर से हराया। दूसरे मैच में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने कोल्हान प्रमंडल को 9-0 से मात दी। दिन के तीसरे मुकाबले में दक्षिणी छोटानागपुर ने संथाल परगना प्रमंडल को 1-0 से हराकर अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।

अंडर-17 बालक वर्ग में दक्षिणी छोटानागपुर का दबदबा

अंडर-17 बालक वर्ग के पहले मैच में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने कोल्हान प्रमंडल को 3-1 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में पलामू प्रमंडल ने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल को 2-1 से हराया। दिन के अंतिम मुकाबले में दक्षिणी छोटानागपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संथाल परगना प्रमंडल को 4-0 से हराकर अगले चरण में प्रवेश कर लिया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया है। अब आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *