Home

रांची में तीन दिवसीय एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर व राष्ट्रीय चयन ट्रायल शुरू

अंतरराष्ट्रीय तकनीकों से खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की होगी तैयारी

रांची : झारखंड जिम्नास्टिक संघ एवं झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएसपीएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का शनिवार को जेएसएसपीएस परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। 18 से 20 जुलाई तक आयोजित इस शिविर का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नवीनतम अंतरराष्ट्रीय नियमों, कोड ऑफ पॉइंट्स (Code of Points) तथा आधुनिक तकनीकी कौशल से प्रशिक्षित कर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं राष्ट्रीय टीम चयन के लिए तैयार करना है।

शिविर के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों एवं जेएसएसपीएस के खिलाड़ी एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक की नवीन तकनीकों, संतुलन, समन्वय, प्रस्तुतीकरण, कठिन कौशल (डिफिकल्टी एलिमेंट्स) तथा अद्यतन प्रतियोगिता नियमों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। विशेषज्ञ प्रशिक्षक खिलाड़ियों को यह भी बताएंगे कि नए नियमों के अनुरूप अपने प्रदर्शन में सुधार कर अधिकतम अंक कैसे प्राप्त किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड जिम्नास्टिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. निशिकांत पाठक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों के नियम और कोड ऑफ पॉइंट्स समय-समय पर बदलते रहते हैं। ऐसे में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को नवीनतम तकनीकी जानकारी से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में गुणात्मक सुधार लाने के साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करेंगे।

शिविर के लिए पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक विशेषज्ञ अभिजीत देवनाथ को मुख्य तकनीकी विशेषज्ञ एवं अतिथि प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है। अभिजीत देवनाथ 10 बार राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, 2017 एशियन एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता, 2018 एक्रो वर्ल्ड कप के प्रतिभागी, अंतरराष्ट्रीय जज एवं कोच रह चुके हैं। वर्तमान में वे जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक तकनीकी समिति के सदस्य हैं तथा एशियाई एवं विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं।

शुभारंभ समारोह से पहले खिलाड़ियों ने एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक का आकर्षक प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। संतुलन, शक्ति, लचीलापन, समन्वय और कलात्मकता से भरपूर प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों के कठिन एवं रोमांचक मूव्स पर सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा।

इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक संघ की उपाध्यक्ष पुष्पा हेस्सा, सचिव तूलिका श्रीवास्तव, रांची जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष गोविंद झा, जेएसएसपीएस के कोच एवं एरोबिक्स प्रभारी विकास कुमार गोप, प्रशिक्षिका हेमा कुमारी, कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार सहित संघ, जेएसएसपीएस एवं एलएमसी के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी, खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह के उच्चस्तरीय प्रशिक्षण शिविर राज्य में एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा झारखंड के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *