रांची

तालाब में नहाने के दौरान डूबने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

शव की तलाश के दौरान स्थानीय लोगों ने एनडीआरएफ बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम की

रांची, संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र के कोकर डिस्टलरी पार्क परिसर स्थित तालाब में सोमवार सुबह नहाने के दौरान डूबने से 55 वर्षीय धनेश्वर उरांव की मौत हो गई। वह कोकर के हैदर अली रोड नंबर-2 के निवासी थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, धनेश्वर उरांव सुबह तालाब में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और खुद को संभाल नहीं सके। कुछ देर बाद वह पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

शव की तलाश के दौरान स्थानीय लोगों ने एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग को लेकर डिस्टलरी पुल के पास सड़क जाम कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी बीच शव पानी के ऊपर आ गया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।

थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि शव की पहचान धनेश्वर उरांव के रूप में हुई है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि शव नहीं मिलने पर एनडीआरएफ को बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इस संबंध में एसएसपी राकेश रंजन और एसडीओ को पत्र भेजा गया था। हालांकि, शव पानी के ऊपर आ जाने के कारण एनडीआरएफ की जरूरत नहीं पड़ी।

पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला नहाने के दौरान डूबने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *