खेलो इंडिया अस्मिता ट्रैक साइकिलिंग स्टेट लीग का समापन
दूसरे दिन निकिता, सबीना, शीला और सिंधु लता ने जीते स्वर्ण पदक; 15 जिलों की महिला खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
रांची, संवाददाता। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) एवं साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के निर्देशन में झारखंड साइकिलिंग संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय खेलो इंडिया अस्मिता ट्रैक साइकिलिंग स्टेट लीग-2026 का रविवार को खेलगांव स्थित सिंधु-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में समापन हुआ।
समापन समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शुभेंदु दुबे, झारखंड रोइंग संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार एवं झारखंड वुशु संघ के अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। झारखंड साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह ने अतिथियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, प्रतिभा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
दूसरे दिन के पदक विजेता
कैरिन, वूमेन जूनियर
- स्वर्ण : निकिता सोरेंग
- रजत : सीमा उरांव
- कांस्य : अनीता उरांव
कैरिन, वूमेन एलीट
- स्वर्ण : सबीना कुमारी
- रजत : सिंधु लता हेंब्रम
- कांस्य : श्वेता कुमारी
इंडिविजुअल परस्यूट, वूमेन जूनियर
- स्वर्ण : शीला बांरा
- रजत : मरियम हेम्ब्रम
- कांस्य : बुदनी समर
स्क्रैच रेस, वूमेन एलीट
- स्वर्ण : सिंधु लता हेंब्रम
- रजत : श्वेता कुमारी
- कांस्य : पुष्प कुमारी
प्रतियोगिता में झारखंड के 15 जिलों से महिला एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न ट्रैक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
समापन समारोह में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त पीसीपी अभिजीत सेठ, सतविंदर कौर, आशीष कुमार, चंद्र बहादुर सिंह, राजकुमार मेहता, जितेंद्र महतो, दिलीप कुमार गुप्ता, नरेश कुमार, राम कुमार भट्ट, कृष्ण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड साइकिलिंग संघ के पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
