रांची

सरल हिंदी और पारदर्शी व्यवस्था से ही सुशासन की पहचान : प्रवीण टोप्पो

हिंदी दिवस पर एटीआई सभागार में व्याख्यान एवं काव्यपाठ समारोह आयोजित

रांची, संवाददाता। झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर एटीआई सभागार में व्याख्यान एवं काव्यपाठ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी के महत्व, समृद्ध परंपरा और बदलते समय में उसकी प्रासंगिकता पर वक्ताओं ने विचार रखे।

विभागीय सचिव प्रवीण टोप्पो ने कहा कि सुशासन की असली पहचान सरल हिंदी, सुगम प्रक्रियाओं और पारदर्शी व्यवस्था से होती है। जब सरकारी भाषा आमजन की समझ में आती है, तो सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयी कामकाज में अनावश्यक जटिल शब्दावली और प्रक्रियाओं को कम करने की अपील की।

टोप्पो ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से शासन में पारदर्शिता बढ़ाई जा रही है। ऑनलाइन सेवाओं, समयबद्ध मामलों के निस्तारण और शिकायतों की निगरानी से सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक स्पष्ट और जवाबदेह बनाया जा सकता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरल भाषा और स्पष्ट कार्यशैली अपनानी चाहिए। इससे शासन जनता के करीब आएगा और लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

हिंदी की समावेशी प्रकृति पर चर्चा

कार्यक्रम में प्रख्यात कवियों और विद्वानों ने अपनी रचनाओं एवं विचारों के माध्यम से हिंदी की समृद्धि, संवेदनशीलता और व्यापकता को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि जनसरोकार और सांस्कृतिक एकता की सशक्त कड़ी है। विभिन्न लोकभाषाओं और बोलियों को आत्मसात करते हुए हिंदी लगातार समृद्ध हुई है। यही विविधता उसकी व्यापक स्वीकार्यता का आधार है।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान हिंदी ने लोगों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज भी यह देश की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता के बीच संवाद का माध्यम बनी हुई है। हिंदी की शक्ति उसकी समावेशी प्रकृति में निहित है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर हिंदी लगातार विस्तार और परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। दूसरी भाषाओं के शब्दों को आत्मसात करने से हिंदी की अभिव्यक्ति और व्यापक हुई है। इसलिए हिंदी को केवल अतीत की विरासत के रूप में देखने के बजाय भविष्य की भाषा के रूप में विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए साहित्य, शिक्षा, प्रशासन और तकनीक के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

काव्यपाठ ने बांधा समां

काव्यपाठ के दौरान कवियों ने सामाजिक सरोकार, राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक विविधता और समकालीन विषयों पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कीं। उपस्थित श्रोताओं ने रचनाओं की खूब सराहना की। कार्यक्रम में साहित्यकारों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में डॉ. जिंदर सिंह मुंडा, अध्यक्ष, स्नातकोत्तर हिंदी विभाग, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय; डॉ. केदार सिंह, सेवानिवृत्त प्राध्यापक, विनोबा भावे विश्वविद्यालय; प्रख्यात कवयित्री एवं लेखिका डॉ. वंदना टेटे; डॉ. सावित्री बड़ाईक, सहायक प्राध्यापक, एसएस मेमोरियल महाविद्यालय; डॉ. कुमारी उर्वशी सहित कई हिंदी विद्वान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *