रांची

1 करोड़ का इनामी अनल समेत 11 मुठभेड़ में ढेर, चाईबासा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Chaibasa : चाईबासा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इस मुठभेड़ में झारखंड का चर्चित और दुर्दांत नक्सली पतिराम माझी उर्फ अनल दा मारा गया है। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में अनल दा के साथ 10 अन्य नक्सली भी मारे गए हैं। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी हुई। आखिरकार सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को घेर लिया।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एके-47, इंसास राइफल, एसएलआर समेत भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मारे गए नक्सली लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। अनल दा झारखंड के शीर्ष नक्सली नेताओं में गिना जाता था। वह संगठन की रणनीति और हथियारों की आपूर्ति से जुड़ा अहम चेहरा था। उसके मारे जाने को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *