Ranchi News: झारखंड में 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स की स्थापना, 203.35 करोड़ की मंजूरी
रांची। झारखंड की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्णय से राज्य के सभी जिलों एवं सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 203 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) की स्थापना की जाएगी। इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं में संरचनात्मक सुधार और जमीनी स्तर पर परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ब्लॉक स्तर पर मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) को ब्लॉक स्तर पर विकेंद्रीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाई के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्लिनिकल सेवाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
BPHU ब्लॉक स्तर पर रोग निगरानी, स्वास्थ्य योजना निर्माण, आपातकालीन तैयारी और समन्वित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया का प्रमुख केंद्र होगा।
स्वास्थ्य मंत्री का बयान
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि BPHU की स्थापना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर ब्लॉक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, समय पर जांच, सटीक डाटा और त्वरित स्वास्थ्य प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी बीमारी या महामारी पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आदिवासी, दूरदराज और वंचित क्षेत्रों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
BPHU की संरचना और सुविधाएं
प्रत्येक BPHU में एक मौजूदा सेवा प्रदाय संस्थान जैसे—
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC)
अनुमंडलीय अस्पताल
ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही: ब्लॉक पब्लिक हेल्थ प्रयोगशाला ब्लॉक हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) सेल की भी स्थापना की जाएगी। इन इकाइयों के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर सभी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा विभिन्न बीमारियों और महामारियों का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा।
महामारी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई संभव
BPHU की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक क्षेत्र की जनसंख्या के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्नयन करना है। इससे ब्लॉक स्तर पर विकेंद्रीकृत योजना, स्वास्थ्य जोखिमों की समय पर पहचान और प्रमाण आधारित त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। इसके लिए सरकार द्वारा एपिडेमियोलॉजिस्ट और पब्लिक हेल्थ प्रोफेशनल्स की नियुक्ति की जा रही है।
केंद्र सरकार की योजनाओं से मिलेगा बल
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन एवं 15वें वित्त आयोग के तहत स्थापित की जा रही 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स से झारखंड को एक मजबूत, लचीली और जन-केंद्रित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की ठोस नींव मिलेगी।
यह पहल विशेष रूप से आदिवासी, दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगी।
