Homeरांची

भटके हुए बच्चे को सकुशल परिजनों से मिलाया गया

जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की मौजूदगी में मां को सौंपा गया प्रेम नोनिया

रांची : अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश कुमार की पहल पर पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के रहने वाले बालक प्रेम नोनिया को उसकी मां से सकुशल मिलाया गया। मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के कार्यालय में सचिव राकेश रौशन की उपस्थिति में बच्चे को उसकी मां मधु देवी को विधिवत सौंप दिया गया। इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन, रांची के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को टाटीसिलवे में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के सदस्य पप्पू कुमार को एक बच्चा रोते और भटकते हुए मिला। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उसे पैसों का लालच देकर अपने साथ ट्रेन से रांची ले आया था। उसकी मंशा संदिग्ध लगने पर बच्चा वहां से भाग निकला और टाटीसिलवे में सड़क पर भटक रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही पप्पू कुमार ने तत्काल टाटीसिलवे थाना और संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश कुमार को सूचना दी। बच्चे से बातचीत के दौरान उसकी मां मधु देवी का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ, जिसके बाद उनसे संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी गई और उन्हें रांची बुलाया गया। तब तक बच्चे की देखरेख अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन द्वारा की गई।

मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के कार्यालय में सचिव राकेश रौशन की मौजूदगी में बच्चे और उसकी मां को बुलाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद डालसा, रांची एवं चाइल्ड हेल्पलाइन, रांची के सुपरवाइजर मुकेश कुमार की उपस्थिति में बालक प्रेम नोनिया को उसकी मां मधु देवी को सकुशल सौंप दिया गया।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार और चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों ने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सलाह भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *