डूरंड कप 2026 : रांची में फुटबॉल का महाकुंभ शुरू, जमशेदपुर एफसी ने 5-0 की धमाकेदार जीत से किया अभियान का आगाज़
रांची में बचे मुकाबलों के टिकट वितरण का शेड्यूल जारी

रांची: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन ऑयल डूरंड कप 2026 का शानदार आगाज़ हो चुका है। झारखंड की राजधानी रांची इस बार भी इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की मेजबानी कर रही है, जहां फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। पहले ही हाफ में चार गोल दागकर टीम ने अपने इरादे साफ कर दिए, जबकि रेनियर फर्नांडिस की हैट्रिक ने मैच को यादगार बना दिया।
उद्घाटन मैच में दर्शकों की भारी भीड़ और शानदार माहौल को देखते हुए अब रांची में होने वाले शेष मुकाबलों के लिए टिकट वितरण का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के गेट नंबर-11, 13 और 23 पर बनाए गए 12 टिकट काउंटरों से दर्शकों को टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी काउंटर प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक खुले रहेंगे।
मैचवार टिकट वितरण कार्यक्रम
29 जुलाई | Indian Air Force FT बनाम Defenders FC
- टिकट वितरण: 27, 28 और 29 जुलाई
4 अगस्त | Jamshedpur FC बनाम SC Delhi
- टिकट वितरण: 1, 2 और 3 अगस्त
7 अगस्त | SC Delhi बनाम Defenders FC
- टिकट वितरण: 5 और 6 अगस्त
10 अगस्त | SC Delhi बनाम Indian Air Force FT
- टिकट वितरण: 8 और 9 अगस्त
13 अगस्त | Jamshedpur FC बनाम Indian Air Force FT
- टिकट वितरण: 11 और 12 अगस्त
16 अगस्त | Winner Team-1 बनाम Winner Team-2
- टिकट वितरण: 14 और 15 अगस्त
दर्शकों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने फुटबॉल प्रेमियों से अपील की है कि वे भीड़ से बचने के लिए निर्धारित तिथि पर ही टिकट प्राप्त करें और मैच वाले दिन समय से पहले स्टेडियम पहुंचें। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि डूरंड कप 2026 का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
रांची में डूरंड कप के मुकाबलों को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है। उद्घाटन मुकाबले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए आगामी मैचों में भी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
