झारखंड के रवि केसरी भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में बैडमिंटन कोच चयनित
रांची। झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के बैडमिंटन प्रशिक्षक रवि केसरी का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया- साई) में प्रतिनियुक्ति के आधार पर बैडमिंटन कोच के पद पर हुआ है।
साई द्वारा जारी साक्षात्कार परिणाम के अनुसार, कोच पद के लिए साक्षात्कार 24 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया था। चयनित उम्मीदवारों की सूची में देशभर से कुल 20 प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं के लिए चुना गया है, जिनमें बैडमिंटन, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, जिम्नास्टिक्स, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो और कुश्ती शामिल हैं।
रवि केसरी का चयन झारखंड के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से राज्य में बैडमिंटन प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
साई की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी चयनित उम्मीदवारों को शीघ्र ही अलग-अलग नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
रवि केसरी के चयन पर झारखंड के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
