जमशेदपुर बंद सरकार के खिलाफ नहीं, अपराध के खिलाफ जनआवाज़ : सरयू राय
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक ने कहा है कि हत्या जैसी गंभीर और संवेदनशील घटनाओं को राजनीतिक या व्यक्तिगत लाभ का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद का उद्देश्य किसी सरकार को घेरना नहीं, बल्कि डीडी बार हत्याकांड के फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है।
बंद शहर की सुरक्षा को लेकर जनता की चिंता का प्रतीक
गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित सर्वसमाज एवं सर्वदलीय बैठक को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि सरकार को इस बंद को अपने खिलाफ नहीं मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बंद शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर जनता की चिंता का प्रतीक है। उनका कहना था कि यदि प्रशासन समय पर प्रभावी कार्रवाई करता है तो लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
व्यापारियों और कंपनियों से सहयोग की अपील
विधायक ने शहर के सभी व्यवसायियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और बड़ी कंपनियों से शुक्रवार को स्वेच्छा से अपने संस्थान बंद रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह बंद किसी संगठन विशेष का नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक संवेदना और अपराध के विरुद्ध एकजुटता का संदेश है। उन्होंने सरकारी कार्यालयों से भी इस मुद्दे की गंभीरता को समझने का आग्रह किया।
अपराध को समाज या राजनीति से न जोड़ने की सलाह
सरयू राय ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना को किसी समाज या राजनीतिक दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराध के खिलाफ समाज के सभी वर्गों और सभी राजनीतिक दलों को एक मंच पर आकर आवाज उठानी चाहिए। यदि किसी एक समुदाय की घटना पर केवल वही समाज आगे आए और अन्य लोग मौन रहें, तो यह उचित नहीं होगा।
अपराध और नशाखोरी पर जताई चिंता
उन्होंने शहर में बढ़ रही अड्डेबाजी, जुआ, शराबखोरी और नशाखोरी पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि इन गतिविधियों को पुलिस संरक्षण मिलने के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने और शांति समितियों के गठन की समीक्षा करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि शांति समितियों में केवल सक्रिय और जिम्मेदार लोगों को ही शामिल किया जाना चाहिए।
हिमांशु सिंह को दी श्रद्धांजलि
बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी शिवशंकर सिंह, झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, उषा यादव, अजय कुमार, संजय मिश्रा, रमेश कुमार, मुश्ताक अहमद, भास्कर मुखी और अंजलि सिंह सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान डीडी बार हत्याकांड में मृत हिमांशु सिंह की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच संचालन सुबोध श्रीवास्तव ने किया।

