झारखंड

झारखंड में डुमरी में सबसे अधिक 92.4 मिमी बारिश, 4 से 7 जुलाई तक भारी वर्षा की चेतावनी

राज्य के कई जिलों में हुई अच्छी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रांची। झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा गिरिडीह जिले के डुमरी में 92.4 मिलीमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि आगामी 4 से 7 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भी हुई उल्लेखनीय बारिश

मौसम विभाग के अनुसार मधुपुर में 80.2 मिमी, हजारीबाग डीवीसी में 74.2 मिमी, कोनार डीवीसी में 54.6 मिमी, गारू में 53 मिमी, नंदाडीह में 45 मिमी, पलामू के नौडीहा बाजार में 38.2 मिमी, कोलेबिरा में 35.4 मिमी, डाल्टनगंज में 33.6 मिमी, सिलाईचक में 31 मिमी, सिसई में 29.4 मिमी, जरमुंडी में 28.6 मिमी तथा तोपचांची में 27.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

4 से 7 जुलाई तक भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने 4, 5, 6 और 7 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की आशंका भी व्यक्त की गई है।

डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची में उमस ने बढ़ाई परेशानी

गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होने से गर्मी और उमस बढ़ गई। रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 34.5 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.1 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 33.8 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *