Home

शादी से इनकार किया तो प्रेमी ने घर में घुसकर मारी गोली, प्रेमिका ने अस्पताल में तोड़ा दम

Simdega : सिमडेगा में भोरे-भोर दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव में एक जवान लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। भोर के करीब चार बजे घर में घुसकर लड़की को गोली मारी गयी। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। मृतक लड़की की शिनाख्त 22 वर्षीय जेबा परवीन के तौर पर की गयी है। उसके पिता का नाम मोहम्मद हुसैन बताया गया। वारदात की फैली खबर के बाद इलाके में तहलका मच गया। घरवाले जल्दबाजी में खून से लथपथ जेबा परवीन को लेकर अस्पताल भागे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में उसे बचाया नहीं जा सका।

मामले में कोलेबिरा थानेदार हर्ष कुमार का कहना है कि प्रेम प्रसंग में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। बताया गया कि जेबा परवीन का प्रेमी उस पर शादी का दबाव बना रहा था। लड़की के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने शादी से इनकार कर दिया था। प्रेमी गुजरे तीन-चार दिनों से लगातार जेबा परवीन के घर आ-जा रहा था। उसे शादी करने को कह रहा था। जब जेबा परवीन ने भी शादी से इनकार कर उसे घर आने से मना कर दिया तो, प्रेमी का खून खौल उठा। आरोप है कि आज यानी शनिवार की भोर करीब चार बजे उसने घर में घुसकर जेबा परवीन को गोली मार दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *