Home

झारखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला, कोहरे और ठंड का असर

रांची, 16 दिसंबर । झारखंड में एक बार फिर से पछुआ हवाएं ठंड बढाएंगी। झारखंड में उत्तर-पश्चिमी (पछुआ) हवाएं उत्तरी दिशा की ओर बह रही हैं। इसके कारण आनेवाले दिनों में राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न इलाकों में ठंड में वृद्धि होगी। यह जानकारी मौसम विभाग ने मंगलवार को दी।

विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यों में मौसम साफ और शुष्क रहा। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.8 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रांची में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा, लेकिन रांची के डैम और तालाब वाले इलाकों में सुबह में घना कुहासा छाया रहा। हालांकि बाद में मौसम साफ हो गया। इसके बाद दिन चढने के साथ ही आसमान में आंशिक बादल छाये रहे। इससे दिन भर लोगों को ठंड महसूस हुई। मौसम की यह स्थिति मकर संक्रांति तक बने रहने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पछुआ हवाओं के कारण राज्य भर में भारी कनकनी दर्ज की गई थी। लेकिन बाद में बादल छाने के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।

वहीं, मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, जमशेदपुर में 26.6 और 13.6 डिग्री, डालटेनगंज में 25.2 और 8.1 डिग्री, बोकारो में 25.1 और 10.1 डिग्री, चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और 10.1 डिग्री, खूंटी में 24.4 और 7.9 डिग्री, लोहरदगा में 22.7 डिग्री और 8.5 डिग्री और लातेहार में अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *