झारखंड

पश्चिमी सिंहभूम में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबे सगे भाई-बहन, मौत

पश्चिमी सिंहभूम, 24 सितंबर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के बाघचट्टा गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के पास खेलते समय बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में गिर गए। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान छह वर्षीय गॉडसन टुडू और उसकी चार वर्षीय बहन एंजेल टुडू के रूप में हुई है। दोनों अगस्तीन टुडू की संतान थे। अगस्तीन आनंदपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। बताया गया कि दोनों बच्चे अपने पिता के साथ ही रहते थे।

स्कूल से लौटने के बाद खेलने निकले थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोनों बच्चे आनंदपुर स्थित डीएवी स्कूल गए थे। दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद दोनों ने घर पर खाना खाया। इसके बाद वे खेलने के लिए घर के पास स्थित इमली के पेड़ की ओर चले गए।

इसी दौरान घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास दोनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे पानी में गिर गए। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल उन्हें मदद नहीं मिल सकी।

शाम तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश

शाम करीब सात बजे तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर पिता ने उनकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों और ग्रामीणों की मदद से आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। इसी दौरान बारिश के पानी से भरे गड्ढे में भी बच्चों की तलाश शुरू की गई।

देर रात ग्रामीणों को दोनों बच्चों के शव पानी में मिले। ग्राम मुंडा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पिता ने हादसा बताया

घटना की सूचना आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस कुमार को दी गई। पिता अगस्तीन टुडू ने पुलिस को दिए बयान में किसी पर संदेह नहीं जताया और घटना को हादसा बताया है। उन्होंने बच्चों के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध भी किया है।

दो मासूम भाई-बहन की एक साथ मौत की खबर से बाघचट्टा गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में गहरा शोक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *