Home

झारखंड में बारिश के बीच सुहावना हुआ मौसम, लातेहार सबसे ठंडा; गुड़ाबांधा में 66.4 मिमी बारिश

Ranchi: झारखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न तो तेज गर्मी का असर है और न ही अत्यधिक ठंड महसूस हो रही है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री रहने से सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है।

लातेहार में सबसे सुहावना मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को लातेहार में मौसम सबसे सुहावना रहा। यहां अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों तापमान के बीच महज 5.3 डिग्री का अंतर रहा, जिससे यहां मौसम संतुलित और आरामदायक बना रहा।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक तापमान सरायकेला में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी अवधि में पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांधा में 66.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रांची में बादल, हल्की उमस

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने के कारण दिन में हल्की उमस महसूस हुई। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 33 और 26.3 डिग्री, बोकारो में 31.5 और 25.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में 32.8 और 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *