खेल

ICC रैंकिंग में विराट कोहली की जोरदार वापसी, रोहित शर्मा अब भी नंबर-1

नई दिल्ली, 10 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के वरिष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज बनने की ओर मजबूती से बढ़ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की ओर से बुधवार को जारी ताजा मेंस वनडे प्लेयर रैंकिंग में कोहली ने दो स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है, जबकि रोहित शर्मा नंबर-1 की कुर्सी पर कायम हैं।

कोहली ने अप्रैल 2021 में पाकिस्तान के बाबर आजम के हाथों वनडे बल्लेबाजों की शीर्ष रैंकिंग गंवाई थी, लेकिन अब वह एक बार फिर शीर्ष स्थान के बेहद करीब पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद कोहली को रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला। 37 वर्षीय कोहली ने सीरीज में 302 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए।

विशाखापत्तनम में खेले गए आखिरी मुकाबले में नाबाद 65 रन की पारी के दम पर कोहली अब रोहित शर्मा से सिर्फ आठ रेटिंग अंक पीछे हैं। रोहित के पास 781 अंक, जबकि कोहली के पास 773 अंक हैं। रोहित ने सीरीज में 146 रन बनाए और अपनी नंबर-1 पोजिशन बनाए रखी।

अब भारतीय टीम 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज खेलेगी, जहां नंबर-1 रैंकिंग की रेस में कोहली और रोहित के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

आईसीसी रैंकिंग में भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी फायदा हुआ है।

  • केएल राहुल दो स्थान ऊपर 12वें नंबर पर पहुंच गए।
  • कुलदीप यादव वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए।

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को भी रैंकिंग में सुधार मिला—क्विंटन डी कॉक 13वें, एडेन मार्कराम 25वें और टेम्बा बावुमा 37वें स्थान पर पहुंचे। यह सीरीज भारत ने 2-1 से जीती थी।

टी20 रैंकिंग में भी बदलाव दर्ज किए गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस तीन स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंचे। भारतीय गेंदबाजों में—

  • अक्षर पटेल 13वें,
  • अर्शदीप सिंह 20वें
  • जसप्रीत बुमराह 25वें स्थान पर पहुंचे।

टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन की बदौलत तीन स्थान ऊपर चढ़कर तीसरा स्थान हासिल किया। स्टार्क ने दो मैचों में 18 विकेट लिए और करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग प्राप्त की।

इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक दो स्थान फिसलकर चौथे नंबर पर आ गए, जबकि केन विलियमसन दूसरे और स्टीव स्मिथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। जो रूट अब भी टेस्ट बल्लेबाजों में नंबर-1 पर कायम हैं।

क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहा।

  • न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र नौ स्थान चढ़कर 15वें,
  • टॉम लैथम छह स्थान ऊपर चढ़कर 34वें स्थान पर पहुंचे।
  • वेस्टइंडीज के शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने भी रैंकिंग में बढ़त हासिल की, जबकि केमार रोच टेस्ट गेंदबाजों में पांच स्थान ऊपर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *