पूर्वी सिहंभूमि

अवैध खनन पर DC-SSP सख्त, कई सीओ और थानेदारों को किया शो-कॉज

Jamshedpur : जमशेदपुर में अवैध खनन पर कार्रवाई को लेकर डीसी कर्ण सत्यार्थीऔर SSP पीयूष पांडे ने कड़ा रुख दिखाया है। बुधवार को डीसी कार्यालय सभागार में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में उन्होंने पिछले तीन महीनों की कार्रवाई को संतोषजनक नहीं पाया और कई अंचल अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।

डीसी ने कहा कि किसी भी इलाके में अवैध खनन, परिवहन या भंडारण पाया गया, तो संबंधित सीओ और थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार सक्रिय रहकर खनन माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।

इसके अलावा, डीसी ने डीएमओ को बालू की कालाबाजारी रोकने, अवैध स्टॉक जब्त करने और नीलामी के जरिए राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए। आम नागरिकों को भी लाइसेंसी स्टॉक यार्ड से वैध रूप से बालू खरीदने की प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

प्रशासन ने साफ किया कि जिले में अवैध खनन पर लगातार अभियान चलाया जाएगा और किसी भी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी। खनन, पुलिस, वन, परिवहन और प्रदूषण नियंत्रण विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि खनिज संसाधनों की सुरक्षा, राजस्व बढ़ोतरी और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, घाटशिला एसडीपीओ अजीत कुजूर, डीएमओ सतीश नायक सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे। सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *