Home

देवघर दौरे पर उपेंद्र कुशवाहा, पार्टी विस्तार और राजनीतिक मुद्दों पर रखी बात

Deoghar : पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा रविवार को देवघर पहुंचे। यहां से वे बिहार के बांका के लिए रवाना हुए। देवघर में उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी विस्तार और मौजूदा राजनीतिक हालात पर अपनी राय रखी। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से चुनाव और संसद की व्यस्तताओं के कारण वे पार्टी को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। अब उन्होंने बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों का दौरा शुरू किया है, ताकि पार्टी को मजबूत किया जा सके। उन्होंने बताया कि देवघर में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वे बांका जाएंगे, जहां बड़ी संख्या में नए लोग पार्टी में शामिल होंगे।

लोजपा के नेताओं के उनकी पार्टी में शामिल होने के सवाल पर कुशवाहा ने कहा कि जो नेता आए हैं, वे पहले ही लोजपा छोड़ चुके थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी दूसरी पार्टी में तोड़फोड़ नहीं कर रही है, बल्कि लोग अपनी इच्छा से राष्ट्रीय लोक मोर्चा से जुड़ रहे हैं। अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने को लेकर लगे वंशवाद के आरोपों पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे आरोपों की उम्मीद थी। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने कई नेताओं को आगे बढ़ाया, लेकिन पार्टी मजबूत करने के समय वे दूसरी पार्टियों में चले गए। इसी वजह से पार्टी की स्थिरता के लिए परिवार के सदस्य को जिम्मेदारी दी गई।

बिहार में हिजाब विवाद पर कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को बेवजह उछाल रहा है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वात्सल्य बताया। वहीं झारखंड की राजनीति पर उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में एनडीए बेहतर प्रदर्शन करेगी और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *