रांची

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया योग पुस्तक का विमोचन

रांची : द्वितीय अंतरराष्ट्रीय ध्यान दिवस (21 दिसंबर) के अवसर पर योग विषयक पुस्तक “योग एक दृष्टि में” के संशोधित संस्करण का विमोचन रक्षा राज्य मंत्री माननीय श्री संजय सेठ ने किया। यह कार्यक्रम उनके आवासीय कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां उन्होंने अपने करकमलों से पुस्तक का लोकार्पण किया।

डॉ. परिणीता सिंह और डॉ. अर्चना कुमारी की संयुक्त कृति

यह पुस्तक डॉ. परिणीता सिंह एवं डॉ. अर्चना कुमारी द्वारा लिखी गई है। विमोचन के अवसर पर डॉ. परिणीता सिंह ने बताया कि योग पर आधारित यह उनकी चौथी पुस्तक है। इससे पूर्व “योग एक दृष्टि में”, “अभ्यासम्” और “पारंपरिक योग” नामक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

भारतीय संस्कृति के प्रति निष्ठा का प्रतीक

डॉ. परिणीता सिंह ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से वे भारतीय संस्कृति और योग परंपरा के प्रति अपनी निष्ठा को अभिव्यक्त करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी है और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगी।

सरल भाषा में योग का सूक्ष्म ज्ञान

डॉ. अर्चना कुमारी ने कहा कि “योग एक दृष्टि में” पुस्तक में योग के सूक्ष्म और गूढ़ ज्ञान को सैद्धांतिक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें सरल और सहज भाषा का प्रयोग किया गया है, ताकि कोई भी पाठक इसे आसानी से समझ सके।

योग के प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुस्तक को योग और ध्यान के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *