सड़क सुरक्षा माह में अनोखी पहल: बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले युवाओं को गुलाब देकर किया गया जागरूक
‘रोज़ एट रोड’ कार्यक्रम के तहत रांची में चला जागरूकता अभियान, यातायात नियमों के पालन का दिया गया संदेश
रांची। उपायुक्त रांची श्री मंजुनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार के नेतृत्व में आज “रोज़ एट रोड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत सामाजिक संस्था समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट, रिलेशंस एवं एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के सहयोग से रांची के एच.बी. रोड स्थित शांति वीटा हॉस्पिटल के समीप सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे युवाओं को गुलाब का फूल भेंट कर सड़क परिवहन नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उपस्थित अधिकारियों और समाजसेवियों ने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव तथा अपने व दूसरों के अनमोल जीवन की रक्षा के लिए नियमों के पालन की अपील की।
इस अवसर पर बच्चों ने “हेलमेट लगाओ—जीवन बचाओ”, “जो यातायात नियम तोड़ेंगे, वो मौत का कफ़न लेकर दौड़ेंगे” जैसे प्रभावशाली स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर वाहन चालकों को जागरूक किया। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर काउंसलिंग भी की गई।
कार्यक्रम में जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट गौरव कुमार, तकनीकी सहायक अभय कुमार, समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के निदेशक आकाश दीप सहित दीपक कुमार, विवेक कुमार, सोनिया मिश्रा, कोमल कुमारी, विनय महतो, मोहित माइकल, बादल कुमार समेत कई लोग उपस्थित रहे।
यह जानकारी अमन ने दी।
