झारखंड की मेजबानी में 6 जनवरी से 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज़
33 राज्यों से 639 खिलाड़ी होंगे शामिल, रांची में शुरू हुआ खिलाड़ियों का आगमन व बायोमेट्रिक सत्यापन
रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेज़बानी में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ 6 जनवरी से खेलगांव स्थित टिकैत उमराव स्टेडियम (रेंज–3) में किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 6 जनवरी से 10 जनवरी, 2026 तक आयोजित होगी।
इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश के 33 राज्यों एवं इकाइयों से कुल 338 बालक एवं 301 बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनके साथ 134 कोच एवं मैनेजर भी आयोजन में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का आगमन 4 जनवरी से ही रांची में शुरू हो चुका है।
देश के विभिन्न हिस्सों से रांची पहुँच रहे तीरंदाजी खिलाड़ियों का रांची रेलवे स्टेशन, हटिया रेलवे स्टेशन एवं बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाज के अनुसार पढ़िया पहनाकर भव्य स्वागत किया जा रहा है। सभी टीमों का पंजीयन खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम के वीआईपी प्रवेश द्वार हॉल में किया जा रहा है, जहाँ खिलाड़ियों के आवेदन पत्रों के साथ संलग्न सभी प्रमाण-पत्रों की सूक्ष्मता से जाँच की जा रही है। साथ ही SGFI की टीम द्वारा खिलाड़ियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि आयोजन के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के भोजन, आवासन, चिकित्सा, परिवहन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित समितियों को निर्देश दिया है कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
