झारखंड में मानसून की रफ्तार असमान, 24 में सिर्फ सात जिलों में सामान्य बारिश
रांची, 22 जुलाई। झारखंड में मानसून की गतिविधियां अब भी असमान बनी हुई हैं। राज्य के 24 जिलों में से अब तक केवल सात जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की गई है, जबकि छह जिलों में सामान्य से 40 से 60 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे कृषि कार्यों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, साहिबगंज, दुमका और धनबाद ऐसे जिले हैं, जहां अब तक सामान्य वर्षा दर्ज की गई है। विभाग के मानकों के अनुसार सामान्य से 20 प्रतिशत तक कम वर्षा को भी सामान्य श्रेणी में रखा जाता है।
वहीं गढ़वा, चतरा, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और कोडरमा में वर्षा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन जिलों में सामान्य से 40 से 60 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुआई और कृषि गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 167.8 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में दर्ज की गई। वहीं सर्वाधिक तापमान सरायकेला में 32.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह से बादल छाए रहे तथा हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना बना रहा। रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम 30.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि जिन जिलों में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है, वहां मानसून की सक्रियता बढ़ने का इंतजार बना हुआ है।
