खेल

हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप : भारत ने उज़्बेकिस्तान को 16-0 से हराया, झारखंड की संदीपा कुमारी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

रांची, 22 जुलाई। मस्कट में आयोजित यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उज़्बेकिस्तान को 16-0 से करारी शिकस्त दी। एकतरफा मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गोलों की झड़ी लगा दी और विपक्षी टीम को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ भारत ने एलीट पूल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।

इस यादगार जीत में झारखंड की खिलाड़ियों ने भी अहम भूमिका निभाई। संदीपा कुमारी ने दूसरे, छठे और 20वें मिनट में तीन गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और अपने शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं।

इसके अलावा पुष्पा मांझी ने 11वें और 13वें मिनट में दो गोल किए, जबकि नीलम टोपनो ने 18वें मिनट में एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया। झारखंड की श्रुति कुमारी और गोलकीपर खिली कुमारी भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं और टीम की शानदार जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारतीय टीम में महक परीहार (गोलकीपर), पुष्पा मांझी, नौशीन नाज, दिया, संदीपा कुमारी, नीलम टोपनो, खिली कुमारी (गोलकीपर), कप्तान स्वीटी कुजूर, किरण एक्का और श्रुति कुमारी शामिल थीं। टीम के कोच रानी और मैनेजर प्रबल पांडेय हैं।

भारतीय महिला टीम की इस शानदार जीत पर हॉकी झारखंड ने पूरी टीम को बधाई दी। विशेष रूप से झारखंड की संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, पुष्पा मांझी, नीलम टोपनो और खिली कुमारी को राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही संदीपा कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने जाने पर विशेष बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *