12 नवम्बर को होगी अंडर-19 बालक एवं बालिका राज्य स्तरीय क्रिकेट ओपन ट्रायल

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में खेलो झारखंड के अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक एवं बालिका स्कूली क्रिकेट ओपन ट्रायल का आयोजन आगामी 12 नवम्बर 2025 को किया जाएगा। यह ट्रायल रांची स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान, चुटिया में सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी।
इस चयन ट्रायल के आधार पर झारखंड की अंडर-19 क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। बालक वर्ग की प्रतियोगिता 5 से 9 दिसम्बर तक हरियाणा के रोहतक में जबकि बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 1 से 6 जनवरी तक मध्यप्रदेश में आयोजित होगी।
ट्रायल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ :
- प्रतिभागी खिलाड़ियों की जन्म तिथि 01 जनवरी 2007 या उसके बाद की होनी चाहिए।
- सरकारी एवं गैर-सरकारी दोनों प्रकार के स्कूलों के छात्र-छात्राएं ट्रायल में भाग ले सकते हैं।
- ट्रायल हेतु एलिजिबिलिटी फॉर्म में फोटो के साथ प्रधानाध्यापक या प्रभारी के हस्ताक्षर दोनों स्थानों पर अनिवार्य हैं।
- एलिजिबिलिटी फॉर्म संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय या जिला क्रिकेट संघ से प्राप्त किए जा सकते हैं।
- ट्रायल के दिन खिलाड़ी अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा का अंकपत्र और बोनाफाइड सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य है।
- खिलाड़ियों को सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक रिपोर्टिंग या रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आने वाले खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- ट्रायल लेदर बॉल से ली जाएगी।
- खिलाड़ियों को अपना क्रिकेट किट स्वयं लाना होगा।
- ट्रायल व्हाइट यूनिफॉर्म और स्पोर्ट्स शू में देना अनिवार्य है।
ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद कोषांग के क्रिकेट प्रशिक्षक सह संयोजक चंद्रदेव सिंह (मो. 8789843533) से संपर्क किया जा सकता है।
