Home

कच्चा मकान गिरने से चाचा-भतीजे की दबकर मौत

पश्चिमी सिंहभूम, 21 अगस्त । जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। छोटा नूरदा गांव में बारिश के कारण एक कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान छोटा नूरदा गांव निवासी सरजोम पिंगुवा (37) और उनके भतीजे डोबराज पिंगुवा (33) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम में दोनों घर के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण कच्ची दीवार में नमी बढ़ गई थी और वह पहले से ही जर्जर हालत में थी।

इसी बीच मकान की ऊंची कच्ची दीवार अचानक भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने से दोनों उसके मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी गांव के मुंडा ने हाटगम्हरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *