रांची

छात्र-संसद सह वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएवी गांधीनगर के अभिनव झा को राष्ट्रीय स्तर पर पांचवीं रैंक

रांची, 20 अगस्त। जीरो आवर फाउंडेशन, नई दिल्ली की ओर से आयोजित छात्र-संसद सह वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर, सीसीएल, रांची के छात्र अभिनव झा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। अभिनव झा ने तार्किक विचार, प्रभावशाली अभिव्यक्ति, विषय की गहन समझ और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया और इंडिया लेवल पर पांचवां स्थान प्राप्त किया।

अभिनव की उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं। अभिनव की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

विद्यालय के वरिष्ठ शैक्षिक समन्वयक अमित कुमार दत्ता ने भी अभिनव को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल करना उनकी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिनव भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के माध्यम से विद्यालय और समाज का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भी अभिनव झा को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *