Home

धारदार हथियार से दो युवकों पर हमला, पूर्व मंत्री ने अस्पताल में घायलाें से की मुलाकात

पश्चिमी सिंहभूम, 01 सितंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में खड़े हुए दो स्थानीय युवकों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में प्रीतम गुप्ता और बिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है। मामले को लेकर भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मंगलवार को बड़ाजामदा पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की।

गागराई ने आरोप लगाया कि अमन लॉज, बड़ाजामदा में किराये पर रह रहे शाहबाज अंसारी से कथित रूप से जुड़े कुछ युवकों ने एक आदिवासी छात्रा के साथ अमानवीय व्यवहार किया। छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार का प्रीतम गुप्ता और बिक्की सिंह ने विरोध किया था। आरोप है कि इसी विरोध से नाराज युवकों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे कथित अवैध खनन गतिविधियों से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि घायल युवक क्षेत्र में चल रही कथित अवैध खनन गतिविधियों के विरोध में आवाज उठा रहे थे, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया। गागराई ने घटना को सुनियोजित बताते हुए कहा कि यदि दोनों युवक मौके से भागकर अपनी जान नहीं बचाते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। गागराई के अनुसार, स्थानीय लोगों के थाने पहुंचने और कार्रवाई की मांग करने के बाद मामला दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक आरोपिताें की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस पर मामले में मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सभी आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

गागराई ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ी तो मामला विधानसभा, लोकसभा तथा उच्चतम न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित छात्रा और घायल युवकों के परिवार के साथ खड़ी है।

इस दौरान भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेन्द्र महाकुड़, शंभू हाजरा, अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय, अशोक पान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *